पटना- पाकिस्तानी एक्स हैंडल से बिहार में धमाका करने की धमकी के बाद पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के SP को विशेष अलर्ट जारी किया है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी को हल्के में नहीं लिया जा रहा है. मुख्यालय की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, धार्मिक स्थल, मॉल और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए. इसके साथ ही बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड और तकनीकी सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है.
पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल, पटना साहिब स्टेशन, गांधी मैदान, इको पार्क के साथ कई सार्वजनिक स्थानों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है. बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और आने-जाने वाले लोगों की तलाशी ली जा रही है. वहीं, सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग तेज कर दी गई है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों का कहना है कि यह धमकी साइबर स्तर पर मिली है और इसकी जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है. आईटी टीम यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध हैंडल कहां से ऑपरेट हो रहा है और इसका मकसद क्या है.
अधिकारियों का मानना है कि कई बार इस तरह की धमकियां केवल दहशत फैलाने के लिए दी जाती हैं, लेकिन सतर्कता में किसी भी प्रकार की कमी नहीं बरती जा सकती.
बता दें कि बिहार पुलिस को गुरुवार की दोपहर एक गंभीर धमकी मिली है. पाकिस्तानी एक्स के एक संदिग्ध हैंडल से दोपहर करीब 4 बजे यह संदेश भेजा गया कि बिहार के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर बम ब्लास्ट किया जाएगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
धमकी मिलते ही राज्य पुलिस मुख्यालय हरकत में आ गया और सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को विशेष अलर्ट जारी कर दिया गया है.








