मधेपुरा- मधेपुरा में निगरानी विभाग ने मिठाई थाना प्रभारी मितेंद्र प्रसाद मंडल को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष पर केस रफा-दफा करने के लिए घूस मांगने का आरोप है।
थानाध्यक्ष पर आरोप है कि उन्होंने एक आपराधिक मामले को रफा-दफा करने और पीड़ित पक्ष के पक्ष में समझौता कराने के एवज में 20 हजार रुपए की मांग की थी। शिकायत मिलने पर निगरानी विभाग ने योजना बनाकर कार्रवाई की। जैसे ही थाना प्रभारी ने तय राशि ली, विजिलेंस टीम ने उन्हें मौके पर ही धर दबोचा।
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिक पूछताछ के बाद आरोपी थानाध्यक्ष को न्यायिक हिरासत में ले लिया गया और उन्हें पटना ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि यह मामला हाल ही में हुए एक लूटकांड से जुड़ा है, जिसमें शामिल एक आरोपी की मां पूनम देवी ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पूनम देवी ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को साजिश के तहत फंसाया गया और केस खत्म करने के लिए पहले ही 2 लाख रुपए दिए गए थे। बावजूद इसके, उन्हें लगातार धमकाया जा रहा था और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। पूनम देवी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, विजिलेंस ने मंगलवार सुबह थानाध्यक्ष रिश्वत लेते समय गिरफ्तार कर लिया।








