समस्तीपुर- बिहार के समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र में रविवार को राजद के नगर अध्यक्ष राजू सिंह के बेटे संजीव सिंह (35) का शव झाड़ियों में पड़ा मिला. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.
गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सरायरंजन पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. जाम के कारण आवागमन घंटों बाधित रहा और माहौल तनावपूर्ण बना रहा. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले का खुलासा करने की मांग की.
बताया गया कि संजीव शनिवार शाम अपने घर से निकले थे और देर रात तक वापस नहीं लौटे. परिजनों ने उनके मोबाइल पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ रविवार सुबह एनएच-322 स्थित सरैया पुल के पास झाड़ियों में संजीव का शव और पास में ही उनकी बाइक बरामद हुई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
परिजनों का आरोप है कि उनकी हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने कहा कि मामले की हर एंगल से जांच हो रही है. उन्होंने कहा कि परिजनों की लिखित शिकायत पर हर बिंदु की जांच की जाएगी. एफएसएल की टीम को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है.
पुलिस ने बताया कि मृतक का मोबाइल अब तक बरामद नहीं हुआ है और उसकी तलाश की जा रही है. वहीं लोगों को आश्वासन देने के बाद सड़क जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल हुआ.








