पटना- जदयू की पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री बीमा भारती से हॉर्स ट्रेडिंग मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बुधवार को दूसरी बार पूछताछ की है. यह दूसरा मौका था जब उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया था. करीब 3 घंटे 50 मिनट तक ईओयू कार्यालय में पूछताछ चली.
बीमा भारती से पूछताछ के दौरान जांच अधिकारियों ने हॉर्स ट्रेडिंग से जुड़े कई सवाल पूछे. इसके अलावा लेनदेन और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी सवाल किए गए. लंबी पूछताछ के बाद बीमा भारती ईओयू कार्यालय से बाहर निकलीं.
पूछताछ के बाद मीडिया से बातचीत में बीमा भारती ने कहा कि उन्होंने सभी सवालों का जवाब दिया है. उन्होंने दावा किया कि वह निर्दोष हैं और उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाया गया है. बीमा भारती ने कहा कि उन्होंने कभी नीतीश सरकार को अस्थिर करने की कोशिश नहीं की.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
दरअसल, 2024 में बिहार विधानसभा में विश्वास मत के दौरान कुछ विधायकों पर खरीद-फरोख्त के आरोप लगे थे. तत्कालीन जदयू विधायक बीमा भारती भी शक के घेरे में थीं. उनके खिलाफ हॉर्स ट्रेडिंग के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था. तभी से ईओयू इस मामले की जांच कर रही है.
बता दें कि बीमा भारती ने विश्वास मत के दौरान जदयू से इस्तीफा दे दिया था और पाला बदलते हुए राष्ट्रीय जनता दल में शामिल हो गई थीं. उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में पूर्णिया से चुनाव लड़ा, लेकिन पप्पू यादव से हार गईं.








