दरभंगा- दरभंगा के अलीनगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवती का फिल्मी स्टाइल में अपहरण कर लिया गया है. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. यह घटना मंगलवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में काफी आक्रोश है.
जानकारी के अनुसार, अलीनगर थाना क्षेत्र की युवती अपने दुकान से एक बच्चे के साथ घर लौट रही थी. तभी हिजबुल रहमान उर्फ आरजू नाम का युवक बाइक से पीछे से आता है और रास्ता रोककर जबरन युवती को बाइक पर बिठाकर फरार हो जाता है. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में साफ तौर पर कैद हो गई है.
बताया जा रहा है कि 27 जुलाई को आरोपी हिजबुल रहमान ने पीड़िता के परिजनों की दुकान पर पहुंचकर हंगामा किया था. इस दौरान उसने कथित रूप से मारपीट की और रंगदारी की मांग भी की थी. परिजनों ने इस घटना को लेकर अलीनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीँ, पुलिस का कहना है कि त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवती को बरामद कर लिया गया है और आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. फिलहाल मामले में पूछताछ की जा रही है.








