यूपी- प्रयागराज-वाराणसी हाइवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है. हादसे में धनबाद जिले के सरायढेला स्थित खरनागढ़ा निवासी सेना के अधिकारी शिवजी सिंह और उनके परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी. इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए.
जानकारी अनुसार, सेना के अधिकारी शिवजी सिंह अपनी पत्नी नीरा देवी (42 वर्ष), बेटी सोनम कुमारी (17 वर्ष), भाई राजीव सिंह उर्फ राजू सिंह (44 वर्ष) और उनकी पत्नी अलका देवी (39 वर्ष) के साथ प्रयागराज के महाकुंभ मेले में गए थे. 24 जनवरी को महाकुंभ में स्नान आदि के बाद शुक्रवार को सभी अपनी कार से धनबाद के लिए निकले थे.
इसी दौरान प्रयागराज-वाराणसी हाइवे के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े डंपर से जा टकरायी. इस घटना में शिवजी सिंह, उनकी बेटी सोनम सिंह और भाई राजीव सिंह की मौके पर ही मौत हो गयी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उनकी पत्नी नीरा देवी व भाभी अलका देवी गंभीर रूप से घायल हो गयीं. मिर्जामुराद पुलिस ने घायल दोनों महिलाओं को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया और घटना की सूचना धनबाद स्थित उनके परिवारवालों को दी. इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए.
सेना के अधिकारी शिवजी सिंह लेह लद्दाख में बतौर जूनियर कमांडेंट ऑफिसर के पद पर तैनात थे. उनके पिता शिवदयाल सिंह सेवानिवृत्त होमगार्ड जवान हैं. उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही शिवजी छुट्टी पर धनबाद आये थे. सड़क हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.








