नालंदा- बिहार के नालंदा में गोली लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान चिकसौरा थाना क्षेत्र भवानी बिगहा गांव निवासी प्रमोद प्रसाद के 18 वर्षीय पुत्र आशीर्वाद कुमार के रूप में की गई है. मृतक घर का इकलौता चिराग था, जो इंटर का छात्र था. घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि करायपरसुराय थाना क्षेत्र के मखदूमपुर गांव निवासी अशोक प्रसाद की मां के श्राद्ध कर्म में बार बालाओं का डांस कार्यक्रम चल रहा था. इस दौरान गांव का ही एक युवक अवैध हथियार लेकर बार बालाओं के साथ स्टेज पर डांसने करने लगा. इस दौरान उसने अंधाधुंध हर्ष फायरिंग की.
इस फायरिंग में एक गोली युवक के सिर में जा लगी.युवक को इलाज के लिए पीएचसी करायपरसुराय में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के क्रम में डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया. मृतक युवक डांस के दौरान मोबाइल से वीडियो और सेल्फी ले रहा था. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने पीएचसी पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








