पलामू- झारखंड लोक सेवा आयोग JPSC और जेएसएससी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ी के मामले में सीआईडी और पलामू पुलिस की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. गड़बड़ी के आरोपी शिक्षक संतोष कुमार सिंह के घर पर सीआईडी और पलामू पुलिस की टीम ने छापेमारी की और इश्तेहार चिपकाया है.
दरअसल संतोष कुमार सिंह मूल रूप से पलामू के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र का रहने वाला है और फिलहाल मेदिनीनगर के हमीदगंज के इलाके में बीएन कॉलेज के इलाके में रह रहा था.
सीआईडी की टीम ने सबसे पहले तीन अगस्त को संतोष कुमार सिंह के घर पर छापेमारी की थी और फिर 12 अगस्त को दूसरी बार छापेमारी की. सीआईडी और पलामू पुलिस की टीम संतोष कुमार सिंह की गिरफ्तारी के लिए तीन से अधिक बार छापेमारी कर चुकी है लेकिन वह फरार है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सीआईडी की टीम एक बार फिर से पलामू पहुंची और जिला पुलिस के सहयोग से संतोष कुमार सिंह के घर पर इश्तेहार चिपकाया गया. छापेमारी के दौरान संतोष कुमार सिंह के घर से कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और जेएसएससी सीजीएल से जुड़े हुए दस्तावेज बरामद हुए थे.
मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि सीआईडी की टीम ने इश्तेहार चिपकाया है और पूरे मामले में कार्रवाई की जा रही है.








