डेस्क- मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के आगरा स्थित पैतृक आवास का मंगलवार को गंगाजल से शुद्धीकरण किया गया. विजय नगर स्थित आवास पर पहले कलश यात्रा निकाली गई, इसके बाद सुंदरकांड का पाठ किया गया और फिर घर का गंगाजल से शुद्धीकरण किया गया.
परिवार का कहना है कि 28 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान घर के बाहर गंदगी फैलाने और मुख्य द्वार पर आपत्तिजनक बातें लिखे जाने के बाद यह आयोजन किया गया.
CEC ज्ञानेश कुमार की मां सत्यवती गुप्ता ने कहा कि 28 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान घर के बाहर “बहुत गंदगी” फैलाई गई थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उनके मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने दरवाजे पर आपत्तिजनक बातें लिखीं और जमकर नारेबाजी की. सत्यवती गुप्ता ने कहा कि इसी वजह से मंदिर से गंगाजल की कलश यात्रा निकाली गई, इसके बाद सुंदरकांड का पाठ किया गया और घर का शुद्धीकरण किया गया.
ज्ञानेश कुमार के आवास के शुद्धीकरण को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं. आगरा महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि घर को शुद्ध करने के बजाय ज्ञानेश कुमार के लिए “सद्बुद्धि के लिए यज्ञ” किया जाना चाहिए. अमित सिंह ने कहा कि यदि ऐसा यज्ञ आयोजित किया जाता है तो कांग्रेस भी उसमें शामिल होगी.








