धनबाद- धनबाद के भूली में आग की चपेट में आने से एक महिला और उसके 10 महीने के बेटे की मौत हो गई. घटना आजाद नगर की है. महिला की पहचान 23 वर्षीय सहाना खातून के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक, 23 वर्षीय सहाना खातून अपने 10 महीने के बेटे फैजान के साथ घर में थी. इसी दौरान आग लगने की घटना हुई. आग की चपेट में आने के बाद सहाना अपने मासूम बेटे को लेकर छत से नीचे गिर गई.
बगल में स्थित अधिवक्ता श्रीकांत वर्मा के कार्यालय की करकट की छत पर महिला के गिरने से छत टूट गई और वह टेबल पर जा गिरी. अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मौके पर जुटे लोगों ने किसी तरह मां और बच्चे को बाहर निकाला. दोनों बुरी तरह झुलसे हुए थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बिना देर किए उन्हें अशर्फी अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में मां और मासूम बेटे का इलाज शुरू हुआ. लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया.
मां-बेटे की मौत के बाद सहाना के पिता मोहम्मद गुलाम रसूल ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. परिवार का आरोप है कि सहाना का ससुराल में विवाद चल रहा था. घटना से एक दिन पहले भी पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात कही गई है.
मायके पक्ष ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए साजिश की आशंका जताई है. परिजनों ने घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं, महिला के पति शाहनवाज अंसारी उर्फ राजा का कहना है कि घटना के वक्त वह घर पर मौजूद नहीं था और अपने माता-पिता के साथ सामान लाने के लिए बाहर गया था. घर लौटने पर उसे घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद महिला और बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया.
इधर, पुलिस ने महिला के पिता की शिकायत के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज उनको गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.








