पटना- पटना में गंगा का पानी लगातार ऊपर जा रहा है. इसका असर दानापुर और मनेर के दियारा इलाके में साफ दिखने लगा है. निचले हिस्सों में पानी पहुंचने के बाद कई गांवों के लोगों की शहर तक पहुंच मुश्किल हो गई है. जरूरी काम के लिए ग्रामीणों को नाव का सहारा लेना पड़ रहा है.
पुरानी पानापुर, कासिमचक, हेतनपुर, गंगहारा, पतलापुर और मानस पंचायत के कई गांव दानापुर प्रखंड मुख्यालय से कट गए हैं. छोटा कासिमचक, नवदियरी और हरशामचक जैसे निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है. पानी के बीच आने-जाने में महिलाओं और मरीजों के सामने भी बड़ी दिक्कत है.
ग्रामीणों का कहना है कि हर पंचायत के लिए सरकारी नाव की व्यवस्था होनी चाहिए. इससे लोगों को दानापुर शहर और प्रखंड मुख्यालय तक आने-जाने में आसानी होगी. फिलहाल जहां पानी कम है, वहां भी लोग नाव तक पहुंचने के लिए पानी में उतरकर किसी तरह रास्ता तय कर रहे हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
दूसरी तरफ पुनपुन नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है. सबलपुर, मोहनपुर और दूसरे गांवों के निचले हिस्से इसकी चपेट में आ गए हैं. खेतों में पानी भरने से किसानों को फसल के नुकसान का सामना करना पड़ रहा है.
सब्जियों की खेती पहले ही खराब हो चुकी है. अब खेतों में पानी जमा होने से दूसरी फसलों पर भी असर पड़ रहा है. ग्रामीणों के सामने मवेशियों के लिए चारे का इंतजाम करना भी मुश्किल हो रहा है.
गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ मनेर की चार पंचायतों में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. किता चौहत्तर पूर्वी, पश्चिमी और मध्य पंचायत के साथ मगरपाल पंचायत के करीब एक दर्जन गांवों में पानी पहुंच गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बदल टोला, नयका टोला, पुरनका टोला, रामनगर, हरिजन टोली, इस्लामगंज और दुधइला में स्थिति ज्यादा प्रभावित बताई जा रही है.
पटना के घाटों पर गंगा का जलस्तर अभी भी बढ़ रहा है. बताया जा रहा है कि इलाहाबाद, वाराणसी और बक्सर की तरफ गंगा में बढ़े पानी का असर पटना में दिखाई दे रहा है. ऐसे में दियारा और नदी किनारे के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता फिलहाल बनी हुई है.








