रांची- झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने डुमरी विधायक जयराम महतो के खिलाफ दर्ज मामले में शीघ्र कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है. एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी नहीं हुई तो राज्यभर के पुलिसकर्मी आंदोलन करेंगे.
झारखंड पुलिस एसोसिएशन की ओर से कहा गया है कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं होती है तो राज्यभर के पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे.
एसोसिएशन की धनबाद शाखा ने घटना के विरोध में पुलिसकर्मियों द्वारा काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी करने और अपने कर्तव्य पर नहीं लौटने के निर्णय के लिए संगठन से अनुमति मांगी है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
एसोसिएशन ने सरकार और पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही कहा है कि यदि पांच दिनों के भीतर विधायक जयराम महतो व अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं की जाती है, तो राज्य के सभी शाखा पदाधिकारी और सदस्य सामूहिक रूप से आंदोलन करेंगे.
एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो की ओर से लगातार सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से पुलिसकर्मियों के खिलाफ बयानबाजी किए जाने पर भी आपत्ति जताई है. पुलिस संगठन के अनुसार विधायक की ओर से पुलिसकर्मियों के प्रति आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए वीडियो जारी किए जा रहे हैं.
संगठन की ओर से कहा गया है कि इससे पुलिस पदाधिकारियों और कर्मचारियों के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंच रही है. एसोसिएशन ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक की ओर से बरवाअड्डा थाना प्रभारी को ऑफ ड्यूटी पीटने की बात कही गई है. संगठन ने आशंका जताई है कि ऐसी बयानबाजी से थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों के जान-माल को नुकसान पहुंच सकता है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








