रांची- झारखंड लोक सेवा आयोग की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी ने मामले में बड़ी कार्रवाई की है. सीआईडी ने कथित मास्टरमाइंड अभय तिवारी की पत्नी और भाई को गिरफ्तार कर लिया है.
दोनों को मंगलवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था और फिर लंबी पूछताछ के बाद देर शाम दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. सीआईडी की ओर से 18 अगस्त को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, JPSC की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पहले गिरफ्तार तीन आरोपियों मनोज कुमार, रोशन केरकेट्टा और उमाकांत उरांव को पूछताछ के लिए पांच दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया गया है. जांच एजेंसी अब इन तीनों से पूरे मामले में उनकी भूमिका, संपर्क और कथित गड़बड़ी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
जेएसएससी परीक्षा अनियमितता मामले की जांच में अब आयोग के सचिव सुधीर कुमार गुप्ता से पूछताछ भी अहम मानी जा रही है. मंगलवार को सीआईडी ने हेडक्वार्टर में सुधीर से पूछताछ के दौरान उनसे कई सवाल-जवाब किए और सीजीएल परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों से जुड़े मामले में जानकारी ली.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आरोपी अभय तिवारी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है. टीडीपीएल को परीक्षा का काम मिलने, प्रक्रिया से जुड़े लोगों के संपर्क और कथित लेनदेन की भी जांच की जा रही है.
अब अभय तिवारी के परिवार के सदस्यों (पत्नी और भाई) की गिरफ्तारी और जेएसएससी सचिव से पूछताछ से साफ है कि सीआईडी जांच की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है. अब तक इस मामले में करीब 25 गिरफ्तारी हो चुकी है.








