जहानाबाद- नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में गुरुवार को जहानाबाद में छात्रों का आंदोलन उग्र हो गया. बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए और पटना-गया रेलखंड के कनौदी के समीप रेलवे ट्रैक तथा जिला पदाधिकारी आवास के आसपास विरोध प्रदर्शन करने लगे. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई.
प्रदर्शन के दौरान कुछ उग्र छात्रों ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया. पथराव में एक दर्जन से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान घायल हो गए. वहीं डीएम आवास के बाहर भी प्रदर्शनकारियों द्वारा रोड़ेबाजी किए जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
स्थिति बिगड़ने के बाद भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया. पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस बल का नेतृत्व करते हुए हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया. पुलिस ने उग्र भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस की ओर से कई राउंड फायरिंग भी की गई. इसके बाद प्रदर्शनकारी पीछे हटने लगे और प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण का दावा किया.
घटना के बाद पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है.
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








