रांची- दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्र-युवाओं पर पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में रांची में छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया. ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया’ और ‘डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया’ के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में युवाओं ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस दौरान आक्रोशित छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला भी फूंका.
प्रदर्शनकारी मुख्य रूप से पिछले 20 दिनों से दिल्ली में अनशन पर बैठे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी और दिल्ली पुलिस द्वारा आंदोलनकारी छात्रों पर की जा रही दमनकारी कार्रवाई को लेकर बेहद आक्रोशित थे.
युवाओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर रहे युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की आवाज को पुलिस के दम पर दबाना चाहती है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुतला दहन और प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर भी केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया. प्रदर्शन में शामिल छात्र नेताओं ने कहा कि देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले NEET पेपर लीक कांड के लिए सीधे तौर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जिम्मेदार हैं.
उन्होंने शिक्षा मंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग की और स्पष्ट किया कि दिल्ली में हक की लड़ाई लड़ रहे छात्रों के साथ पूरा देश मजबूती से खड़ा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








