धनबाद- धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई. हादसे में एक पुलिसकर्मी की जान चली गई. जबकि तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को धनबाद के अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक, चलकुसा थाना की पुलिस टीम मैथन इलाके में छापेमारी के लिए पहुंची थी. छापेमारी के बाद सरकारी वाहन से वापस हजारीबाग लौट रहे थे. सुबह करीब चार बजे बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जोड़ा पीपल के पास जीटी रोड पर उनका वाहन सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से टकरा गया.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें बैठे पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना में पुलिस जवान राम लखन यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं नरेश कुमार, ग्रीन पासवान और गौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और इलाज के लिए अशर्फी अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है.
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि दुर्घटना के पीछे तेज रफ्तार एक अहम कारण हो सकता है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. यह भी देखा जा रहा है कि ट्रेलर सड़क किनारे किन परिस्थितियों में खड़ा था और आवश्यक सुरक्षा संकेत लगाए गए थे या नहीं.
इस हादसे से हजारीबाग पुलिस महकमे में शोक है. दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि दी गई. वहीं घायल पुलिसकर्मियों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








