गोपालगंज- गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला कर गिरफ्तार आरोपी को छुड़ा ले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बरई बेली गांव में आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने कुदाल और हंसुआ से हमला कर दिया.
इस हमले में एक पुलिस पदाधिकारी समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए. घटना के बाद पुलिस ने 13 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, पुलिस पदाधिकारी ब्रजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे. इसी दौरान सूचना मिली कि कटेया थाना कांड संख्या 135/26 एवं 189/26 का आरोपी प्रमोद यादव अपने गांव बरई बेली में खेत में धान की रोपनी कर रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति खेत से भागने लगा. पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपनी पहचान बरई बेली गांव निवासी प्रमोद यादव के रूप में बताई. गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को वाहन तक ले जा रही थी.
इसी दौरान आरोपी के परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए. आरोप है कि लालसा यादव, प्रिया कुमारी, पीयूष यादव समेत अन्य लोगों ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और धक्का-मुक्की करने लगे. देखते ही देखते भीड़ ने कुदाल और हंसुआ से पुलिस पर हमला कर दिया.
हमले में पुलिस पदाधिकारी ब्रजेश कुमार सिंह समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए. अफरा-तफरी का फायदा उठाकर ग्रामीणों ने गिरफ्तार आरोपी प्रमोद यादव को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाकर फरार करा दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कटेया थाना पुलिस ने इस मामले में 13 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस टीम पर हमला करने, पुलिस अभिरक्षा से आरोपी को छुड़ाने सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है.
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है.








