चाईबासा- पश्चिमी सिंहभूम के बड़ा तोरलो गांव में रविवार को दोपहर रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई. शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी ही बहू और 10 वर्षीय भतीजी की कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी.
इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मृतकों की पहचान 33 वर्षीय ननिका बिरूआ और उनकी 10 वर्षीय बेटी शर्मिला बिरूआ के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी रमाय बिरूआ उर्फ लुगुन को शराब पीने की लत थी और वह अक्सर नशे की हालत में घर लौटकर परिजनों के साथ विवाद करता था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
रविवार को भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा और किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद पास में रखी कुल्हाड़ी से पहले ननिका बिरूआ पर हमला कर दिया. जब उनकी 10 वर्षीय बेटी शर्मिला बीच में आई तो आरोपी ने उस पर भी वार कर दिया. दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
घटना के समय महिला का पति दखल सिंह बिरूआ खेत में काम करने गया था. घर लौटने पर उन्होंने पत्नी और बेटी को खून से लथपथ पड़ा देखा. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल मंझारी थाना पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया. पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी रमाय बिरूआ को गिरफ्तार कर लिया. हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस दोहरे हत्याकांड के बाद बड़ा तोरलो गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि शराब की लत ने एक परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि मामले में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की जाएगी.








