बोकारो- बोकारो के गोमिया के कारीपानी गांव में रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां नशे में धुत एक बेटे ने अपने ही पिता की टांगी से मारकर हत्या कर दी. ये घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है. वारदात के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है.
मिली जानकारी अनुसार, कारीपानी गांव निवासी 30 वर्षीय अर्जुन करमाली शुक्रवार देर रात अपने मामा के घर आयोजित एक कार्यक्रम से वापस लौटा था. वह शराब के नशे में धुत था.
उसकी शराब पीने की आदत से लंबे समय से परेशान पिता जयलाल करमाली (63 वर्ष) ने उसे फटकार लगाई. उन्होंने बेटे से कहा कि उसकी नशे की लत के कारण परिवार में लगातार अशांति बनी रहती है और उसकी पत्नी भी मारपीट से तंग आकर मायके चली गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पिता की बात सुनकर अर्जुन अपना आपा खो बैठा और दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई. इसी दौरान गुस्से में अर्जुन ने घर में रखी टांगी उठाई और अपने पिता के सिर पर वार कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण जयलाल करमाली की मौके पर ही मौत हो गई.
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी अर्जुन करमाली को पकड़ लिया और घर में ही बांधकर रखा. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही हत्या में इस्तेमाल टांगी बरामद कर जब्त कर ली गई है.








