चाईबासा- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सोनपोखरी गांव में खेत से बरामद शक्तिशाली विस्फोटक को शुक्रवार को भारतीय सेना के बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया.
सेना ने अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए करीब 150 मीटर दूर से नियंत्रित विस्फोट किया. धमाका इतना जबरदस्त था कि पूरा इलाका गूंज उठा और विस्फोट स्थल पर लगभग पांच फीट गहरा गड्ढा बन गया. हालांकि सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के कारण इस पूरे अभियान में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई.
सेना के बम निरोधक दस्ते ने इस अभियान में कंट्रोल्ड ब्लास्ट तकनीक का इस्तेमाल किया. विशेषज्ञों ने मुख्य विस्फोटक के साथ अतिरिक्त विस्फोटक सामग्री जोड़कर लगभग 150 मीटर लंबा तार बिछाया. इसके बाद सुरक्षित दूरी पर बने कंट्रोल प्वाइंट से बैटरी के जरिए करंट प्रवाहित कर विस्फोट किया गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जैसे ही बटन दबाया गया, जोरदार धमाका हुआ और धुएं तथा मिट्टी का विशाल गुबार लगभग 60 मीटर तक हवा में उठ गया. धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और आसपास की जमीन भी कांप उठी. बम के स्प्लिंटर्स करीब 400 मीटर दूर तक जाकर गिरे. हालांकि किसी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई.
प्रशासन ने पूरे इलाके को पहले ही सुरक्षा घेरे में बदल दिया था. विस्फोट स्थल के चारों ओर लगभग 300 मीटर के दायरे को पूरी तरह नो-गो जोन घोषित किया गया. ग्रामीणों, मीडियाकर्मियों और अन्य लोगों को निर्धारित सीमा से बाहर ही रोक दिया गया.
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि जिस स्थान पर बम नष्ट किया गया, वहां लगभग पांच फीट गहरा गड्ढा बन गया. लोहे के टुकड़े और बारूद के अवशेष चारों ओर फैल गए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
विशेषज्ञों ने पूरे इलाके का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया कि कोई सक्रिय विस्फोटक शेष न रह जाए. बम पूरी तरह नष्ट होने के बाद ही सुरक्षा एजेंसियों ने क्षेत्र को सुरक्षित घोषित किया.
सेना के अधिकारियों ने बताया कि बरामद विस्फोटक भारतीय सेना का और भारतीय निर्माण का है. हालांकि उस पर काफी जंग लग चुकी थी, इसलिए यह पता लगाना मुश्किल है कि वह कितने वर्षों पुराना है.
अधिकारियों के अनुसार यह तोप में इस्तेमाल होने वाला विस्फोटक था. सेना ने विस्फोट के बाद उसके अवशेष अपने कब्जे में लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं.








