गिरिडीह- चलती कार में अचानक आग लग गई. आग ने तुरंत ही विकराल रूप धारण कर लिया. हालांकि आग लगते ही वाहन पर सवार दो लोग कार से बाहर निकलने में सफल रहे. यह घटना गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र अंतर्गत पटना–डोरंडा मुख्य मार्ग पर बुधवार को हुई है.
जानकारी के अनुसार महिंद्रा एक्सयूवी थ्री ओ-ओ पर सवार होकर दो लोग गिरिडीह शहर जा रहे थे. कार जैसे ही सांख गांव के पास पहुंची तो कार में शॉट सर्किट होने लगी.
शॉट सर्किट से वाहन के अंदर आग लग गई. वाहन के चालक ने तुरंत ही वाहन को बीच सड़क पर खड़ा किया और साथ में बैठे व्यक्ति के साथ बाहर निकल गए. दोनों के बाहर आते ही कार धू-धूकर जलने लगी और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार में आग लगने के बाद इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रभावित हो गया. लोग जहां थे वहीं खड़े हो गए. कुछ लोगों द्वारा आग बुझाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन आग की लपटें देखकर लोगों की हिम्मत जवाब दे गई.
चंद मिनट में आग पूरी तरह से कार के चारों तरफ फैल गई और पूरी कार जल गई. बाद में मामले की सूचना पर गावां थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पूरी जानकारी ली और जल चुकी कार को सड़क के बीच से हटवा कर आवागमन को सामान्य किया.








