रोहतास- बिहार में इस वक्त भीषण गर्मी पड़ रही है. गर्मी का असर आम जन-जीवन को प्रभावित भी कर रहा है. चिलचिलाती धूप में बाहर निकलकर काम करना चुनौती से भरा हुआ है.
इसी कड़ी में रोहतास के डेहरी स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-2 परिसर में आज (मंगलवार) प्रशिक्षण के दौरान हीट स्ट्रोक की चपेट में आने से 5 से अधिक ट्रेनी जवान अचानक बेहोश होकर गिर पड़े. घटना के बाद प्रशिक्षण केंद्र में अफरा-तफरी मच गई.
बताया जाता है कि बी सैप-2 में प्रशिक्षु जवानों का नियमित शारीरिक प्रशिक्षण चल रहा था. इसी क्रम में करीब 16 किलोमीटर लंबी दौड़ का अभ्यास कराया जा रहा था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सुबह से ही तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण जवानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. दौड़ के दौरान अचानक कई प्रशिक्षु जवानों की तबीयत बिगड़ने लगी और वह एक-एक करके सड़क पर गिरने लगे.
साथ चल रहे प्रशिक्षकों और अधिकारियों ने तत्काल स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए प्रशिक्षण पर रोक दिया तथा बीमार जवानों को एंबुलेंस की मदद से डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल एवं सासाराम सदर अस्पताल पहुंचाया गया.
सदर अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक गर्मी, शरीर में पानी की कमी और लगातार शारीरिक परिश्रम के कारण जवानों की तबीयत बिगड़ी है. अस्पताल में भर्ती सभी जवानों की लगातार निगरानी की जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बताया जा रहा है कि हीट स्ट्रोक से प्रभावित जवानों में श्री राम कुमार नामक प्रशिक्षु जवान की स्थिति सबसे अधिक गंभीर है. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया है. फिलहाल उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.








