गोपालगंज- बिहार के गोपालगंज में दर्दनाक हादसा हुआ है. मशान थाना क्षेत्र स्थित गंडक नदी में नहाने गए सात युवकों में चार युवक डूब गए. हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से तीन को बचा लिया गया है, जबकि एक अब भी लापता है. लापता युवक की खोजबीन जारी है.
लापता युवक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के सपहां गांव निवासी घनश्याम लाल श्रीवास्तव का 21 वर्षीय बेटा अमन कुमार के रूप में की गई. लापता युवक बीकॉम का छात्र था और अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई करता था.
घटना के बारे में बताया जाता है कि भीषण गर्मी से राहत पाने और नहाने के उद्देश्य से सातों युवक एक साथ गंडक नदी के किनारे पहुंचे थे. नदी में नहाने के दौरान युवकों को पानी की गहराई का अंदाजा नहीं मिल सका और वे गहरे पानी की चपेट में आ गए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं, एक-दूसरे को डूबता देख युवकों ने शोर मचाना शुरू किया. चीख-पुकार सुनकर नदी के किनारे मौजूद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े. ग्रामीणों ने बेहद बहादुरी दिखाते हुए नदी में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद तीन युवकों को सकुशल पानी से बाहर निकाल लिया.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जादोपुर थाना की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. साथ ही एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और लापता युवक की खोजबीन में जुटी है.








