मुजफ्फरपुर- मुजफ्फरपुर अग्निकांड को लेकर राजद ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पर सवाल उठाये हैं. दरअसल, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार अस्पताल के दौरे पर तो नहीं गए लेकिन दिल्ली रवाना हो गए। उनके साथ संजय झा भी थे। इस अग्निकांड में 5 लोगों की मौत हो गई है।
पटना एयरपोर्ट पर जब पत्रकारों ने स्वास्थ्य मंत्री से इस अग्निकांड को लेकर सवाल पूछना चाहा तो उन्होंने सिर्फ हाथ जोड़ा और चुप्पी साधते हुए निकल गए। संजय झा भी पत्रकारों के सवाल पर चुप्पी साधते हुए आगे बढ़ गए। अब राष्ट्रीय जनताा दल ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पर निशाना साधा है और गंभीर सवाल उठाए हैं।
एक न्यूज चैनल से बातचीत में राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि मुजफ्फरपुर के अस्पताल में आग लगने के बाद कुछ लोगों की जान जाने की सूचना है जो बेहद दुखद है। इस तरह के मामलों पर सरकार को संवेदनशील होना चाहिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसमें जो भी लोग दोषी हैं उनपर कार्रवाई होनी चाहिए कि आखिर किसकी गलती के कारण ऐसी घटना हुई। स्वास्थ्य मंत्री से जब इसपर सवाल पूछा जाता है तो वो चुप्पी साध लेते हैं। ये संवेदहीनता की प्रकाष्ठा है।
राजद प्रवक्ता ने आगे कहा कि जिस विभाग के वो मंत्री हैं उनको संवेदना के रूप में दो शब्द कहना चाहिए था। पांच लोगों की जान गई है और यह मामला स्वास्थ्य विभाग से संबंधित है। अगर सरकार के मंत्री इस तरह की घटना पर चुप रह जाते हैं तो यह पता चलता है कि सरकार में किस तरह की संवेदनहीनता है।
राजद प्रवक्ता ने यह भी कहा कि यह अनुभवहीनता भी है। जो भी इंसान थोड़ा सा भी संवेदनशील होगा तो वो इसपर दुख तो प्रकट करेगा। ये दुखद घटना है और जांच होगी यह भी उन्होंने नहीं कहा। जांच होगी और कार्रवाई होगी यह कौन कहेगा?
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इधर इस पूरे मामले पर जदयू के प्रवक्ता अभिषेक झा ने बाद में सफाई भी दी है। अभिषेक झा ने कहा कि निशांत पूरे बिहार को लेकर काफी संजीदा है। हम सभी इससे बहुत मर्माहत हैं।
निश्चित तौर से तफ्तीश होगी और फिर यहीं निशांत आपको नजर आएंगे आगे की कार्रवाई करते हुए। किसी मंत्री के संबोधन मात्र से जवाबदेही समाप्त नहीं हो जाती है। मंत्री इस मामले को लेकर काफी संजीदा हैं।
बता दें कि मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में लगी आग में 5 लोगों की मौत हुई है और 20 लोगों से अधिक के झुलसने की भी सूचना है। आग अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू में लगी।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। झुलसे सभी लोगों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।








