डेस्क- यूपी के हमीरपुर में बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब गुरुवार देर रात 2 बजे गिर गया। हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई। SDRF ने मलबे में फंसे 3 मजदूरों को निकाला। साढ़े 7 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला।
अफसरों का कहना है कि आंधी-बारिश के कारण स्लैब गिरा और नीचे सो रहे मजदूर दब गए। हादसे के बाद सहायक अभियंता गजेंद्र कुमार चौधरी को निलंबित कर दिया गया है। डीपीएम दिलीप कुमार पर विभागीय कार्रवाई शुरू की जा रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक, हमीरपुर में देर रात 70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली थी। हादसा शहर से 25 किमी. दूर ललपुरा इलाके में हुआ। मृतकों में 4 बांदा और 2 हमीरपुर के रहने वाले थे। SDRF के अधिकारियों ने बताया कि रात ढाई बजे से शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं मृतकों में एक के परिजन ने बताया कि गर्मी अधिक होने के कारण दिन में काम बंद कर दिया गया था और ठेकेदार की ओर से रात में ओवरटाइम कराकर निर्माण कार्य कराया जा रहा था। रात में ही मजदूर काम करते थे।
परिजन के मुताबिक, काम के दौरान अचानक तेज तूफान आ गया। इसी दौरान निर्माणाधीन ढांचा गिर गया और कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए।








