गुमला- गुमला में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई. ये तीनों दोस्त डुमरी थाना क्षेत्र के एक ही गांव आकाशी उजडा के निवासी थे. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.
परिजनों के मुताबिक, तीनों युवक चैनपुर से अपने घर लौट रहे थे. डढ़गांव के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक आम के पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतकों की पहचान उजडा गांव निवासी 19 वर्षीय अक्षय केरकेट्टा, 18 वर्षीय आर्यन टोप्पो और 18 वर्षीय संजीत केरकेट्टा के रूप में हुई है. दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे. उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था. परिजनों ने यह भी बताया कि वे कथित तौर पर नशे में थे. पूरे मामले का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा. घटना बुधवार देर रात घटी, जिसकी सूचना गुरुवार को पुलिस और परिजनों को मिली।








