सीतामढ़ी- पूर्व सांसद आनंद मोहन ने नीतीश कुमार और निशांत पर सीधा निशाना साधा है. सीतामढ़ी में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निशांत के स्वास्थ्य मंत्रालय को उनकी खराब सेहत से जोड़ते हुए कहा कि पिता-पुत्र को डॉक्टर की जरूरत है.
सम्राट चौधरी की सरकार में निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है. ऐसे में आनंद मोहन ने इस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि असल में निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्रालय इसलिए दिया गया है, क्योंकि पिता-पुत्र को इलाज की जरूरत है.
पूर्व सांसद यहीं नहीं रुके, उन्होंने जेडीयू को ‘चांडाल चौकड़ी’ की पार्टी तक बता दिया. आनंद मोहन ने कहा कि पार्टी के भीतर कुछ लोगों का ऐसा समूह सक्रिय है, जिसने जेडीयू के अस्तित्व पर ही सवाल खड़ा कर दिया है. आरोप लगाते हुए कहा, ‘यही चांडाल चौकड़ी पार्टी को कमजोर कर रही है और असली कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है.’
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि अब सिर्फ पार्टी के टिकट ही नहीं बिक रहे, बल्कि मंत्री पद तक बेचे जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि बिहार की राजनीति में जो बदलाव दिख रहा है, वह केवल किसी एक नेता का राजनीतिक नुकसान नहीं है बल्कि यह बिहार के पिछड़े वर्गों के साथ बड़ा आघात है. आनंद मोहन ने दावा किया कि पार्टी अपनी मूल विचारधारा और सामाजिक न्याय की राजनीति से भटक चुकी है.
दरअसल आंनद मोहन की नाराजगी तब से मानी जा रही है जब से विधानसभा चुनाव में जेडीयू ने उनके बेटे चेतन को शिवहर की जगह औरंगाबाद की नबीनगर सीट से कैंडिडेट बनाया.
हालांकि चेतन चुनाव जीतने में कामयाब रहे. शिवहर से विधायक श्वेता गुप्ता को हाल में ही मंत्री बनाया गया है, जिसके बाद से वह खुलकर बोलने लगे हैं.आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद भी शिवहर से सांसद हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








