रांची- रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की महिला कांस्टेबल ने अपनी सतर्कता, साहस और तत्परता से एक महिला यात्री की जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश की. आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत महिला सिपाही की बहादुरी ने एक बड़ा हादसा टाल दिया.
रेल प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 18611 रांची-बनारस एक्सप्रेस रांची रेलवे स्टेशन से खुल रही थी. इसी दौरान एक यात्री अपनी पत्नी और छोटे बच्चे के साथ जल्दबाजी में ट्रेन पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था.
ट्रेन गति पकड़ने लगी थी और अफरा-तफरी के बीच महिला यात्री का संतुलन बिगड़ गया. महिला सीधे प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच बने गैप में गिर गई, प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों के बीच अचानक चीख-पुकार मच गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उसी समय ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ की लेडी कांस्टेबल साविता गारी ने स्थिति की गंभीरता को तुरंत समझ लिया. बिना समय गंवाए उन्होंने दौड़कर महिला को मजबूती से पकड़ लिया और ट्रेन रुकने तक उसे थामे रखा.
उनकी त्वरित कार्रवाई और बहादुरी के कारण महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने राहत की सांस ली और महिला कांस्टेबल की सराहना की.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था. महिला यात्री और उसके परिजन भी भावुक हो गए. छोटे बच्चे की आंखों के सामने उसकी मां सुरक्षित बच गई, जिसे लोग मदर्स डे का सबसे बड़ा उपहार बता रहे हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








