गिरिडीह- मंगलवार को मजदूरी करने जा रहे तीन लोगों को तेज रफ्तार पिकअप वैन ने पीछे से टक्कर मार दी. इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
मृतकों की पहचान बिरनी थाना क्षेत्र के जितकुंडी गांव निवासी बासुदेव साव (70) एवं लखिया देवी (65) के रूप में हुई है. वहीं धनपत साव (65) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार सुबह तीनों अपने घर से मजदूरी करने के लिए पैदल निकले थे. तीनों सड़क के किनारे से जा रहे थे. इसी दौरान मखमर्गो पंचायत भवन के समीप पीछे से तेज गति में आ रही पिकअप वैन ने अचानक नियंत्रण खो दिया और तीनों को अपनी चपेट में ले लिया. ये टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों दूर जा गिरे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निजी वाहन से सभी को बिरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने बासुदेव साव और लखिया देवी को मृत घोषित कर दिया. धनपत साव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








