जहानाबाद- पटना-गया रेलखंड पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जहानाबाद जिले के सेवनन हॉल्ट के पास गया से पटना की ओर जा रही एक पैसेंजर ट्रेन की टक्कर एक ऑटो से हो गई।
टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए ट्रेन परिचालन भी बाधित हो गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब ऑटो चालक अवैध रेलवे क्रॉसिंग से ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही ट्रेन को देखकर वह ऑटो छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि चालक शराब के नशे में था, जिसके कारण उसने लापरवाही दिखाई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना के बाद ट्रेन कुछ समय तक घटनास्थल पर ही खड़ी रही। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो को ट्रैक से हटाया गया, जिसके बाद रेल परिचालन सामान्य हो सका। सूचना मिलने पर जहानाबाद रेल थाना की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।








