चतरा- चतरा के सदर प्रखंड अंतर्गत भोज्या गांव में रविवार को एक हृदयविदारक घटना हुई है. जहां गांव के तालाब में डूबने से मां और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार खीरू यादव की पत्नी परवा देवी अपनी दो बेटियों गीता कुमारी (8 वर्ष) और मालती कुमारी (6 वर्ष) के साथ गांव के बड़का आहार तालाब पर कपड़े धोने गई थीं. इसी दौरान अचानक एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई.
बच्ची को बचाने के लिए मां परवा देवी और दूसरी बेटी भी तालाब में उतर गईं, लेकिन गहराई अधिक होने और फिसलन के कारण तीनों संतुलन खो बैठीं और डूब गईं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस और प्रशासन समय पर नहीं पहुंचा. जिससे लोगों में आक्रोश है.








