पटना- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी मिली है. आरोपी को गुजरात के सानंद से गिरफ्तार कर लिया गया है. अब उसे बिहार लाया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री आवास पर एक फोन कॉल आया, जिसमें आरोपी ने सीधे तौर पर CM को जान से मारने की धमकी दी. इस घटना के सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की गई.
धमकी मिलने के बाद बिहार पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी. कॉल डिटेल और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई. जांच के दौरान पता चला कि आरोपी बिहार से बाहर छिपा हुआ है और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
लगातार ट्रैकिंग के बाद आरोपी की लोकेशन गुजरात के सानंद में मिली. इसके बाद बिहार और गुजरात पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान शेखर यादव (32) के रूप में हुई है, जो बिहार के बांका जिले का रहने वाला है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गुजरात में मजदूरी करता है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने यह धमकी क्यों दी. पुलिस इस पूरे मामले के पीछे की मंशा जानने में जुटी हुई है.
गुजरात पुलिस ने आरोपी को बिहार पुलिस के हवाले कर दिया है. अब उसे बिहार लाया जा रहा है, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किसी साजिश का हिस्सा है या उसने अकेले ही यह कदम उठाया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








