पटना- सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे. यह बिहार के इतिहास में पहली बार होगा जब बीजेपी का मुख्यमंत्री राज्य का नेतृत्व करेगा. उन्हें बीजेपी विधानमंडल दल का नेता चुन लिया गया है.
इससे पहले नीतीश कुमार ने दो दशक से अधिक समय तक बिहार के मुख्यमंत्री पद पर अपनी सेवाएं देने के बाद मंगलवार को इस्तीफा दे दिया. उन्होंने बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन से मुलाकात करके उन्हें मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंपा.
एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में नीतीश कुमार ने भावुक संबोधन देते हुए कहा, ‘मैं आप सबों को धन्यवाद देता हूं. मैंने राज्यपाल से मिलकर अपना इस्तीफा दे दिया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अब नई सरकार का गठन होगा और उसे मेरा पूरा मार्गदर्शन मिलता रहेगा.’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैं नरेंद्र मोदी को नमन करता हूं. उनके नेतृत्व में बिहार और तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ेगा.’
एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में सम्राट चौधरी का स्वागत किया गया. नीतीश कुमार ने भी बिहार में अपने उत्तराधिकारी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया.
सम्राट चौधरी को बैठक में एनडीए विधानमंडल दल का नेता चुना गया. वह कल सुबह 11 बजे बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे. उनके साथ बिहार के नए कैबिनेट सदस्यों का भी शपथ ग्रहण होगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं, बिहार के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे सम्राट चौधरी ने बीजेपी विधानमंडल दल का नेता चुने जाने के बाद पहली प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने X पर एक पोस्ट में लिखा, ‘भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताते हुए बिहार भाजपा विधानमंडल दल के नेता का दायित्व सौंपने पर हृदय से आभार व्यक्त करता हूं.
यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है. मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूं.
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहूंगा. आप सभी का स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है. जय बिहार, जय भारत!’








