पटना- बिहार में नई सरकार बनाने को लेकर हलचल तेज हो गई है. मुख्यमंत्री आवास से लेकर उपमुख्यमंत्री के आवास पर बैठकों का दौर जारी है. सुबह में जेडीयू के वरिष्ठ नेता संजय झा, ललन सिंह, बिजेंद्र यादव और श्रवण कुमार सीएम आवास पहुंचे थे.
नीतीश कुमार के साथ बैठक भी हुई है. उसके बाद संजय झा के आवास पर ललन सिंह गए, वहां भी बैठक हुई है और फिर संजय झा और ललन सिंह एक साथ एक ही गाड़ी में उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर गए, फिर वहां भी बैठक हुई.
बिहार में नई सरकार में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों को लेकर मंथन चल रहा है. 14 अप्रैल को भाजपा विधान मंडल की बैठक भी होगी, जिसमें नेता का चयन होगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उसके बाद एनडीए विधायक दल की भी बैठक होगी, जिसमें नए नेता के नाम पर मुहर लगेगी. बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक बनाया है. बीजेपी विधान मंडल दल की बैठक 2:00 बजे से शुरू हो सकती है.
इधर, नीतीश कुमार के इस्तीफे से ठीक पहले जेडीयू कार्यालय से विधानसभा चुनाव के समय ‘2025 से 2030 फिर से नीतीश’ का पोस्टर हटा दिया गया है.
बिहार में विधानसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार तो बनाई गई लेकिन 6 महीना भी मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार नहीं रह पाएंगे और इसलिए जो 2025 से 2030 वाला पोस्टर है, उसे हटाया जा रहा है. हालांकि पार्टी का कहना है कि पोस्टर हटाया नहीं गया है, बल्कि आंधी के कारण फटा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को 11:00 बजे ही कैबिनेट की बैठक बुलाई है. नीतीश कुमार की यह अंतिम कैबिनेट की बैठक होगी, जिसमें उनके इस्तीफे पर एक तरह से मुहर लगेगी.
मुख्यमंत्री उसके बाद लोक भवन जाकर अपना इस्तीफा देंगे और फिर नई सरकार बनाने की तैयारी शुरू हो जाएगी. 15 अप्रैल को लोक भवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा.








