पटना- पटना के व्यस्त और भीड़भाड़ वाले बेली रोड पर सोमवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने सड़क किनारे पैदल चल रहे एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी.
हादसा इतना भयावह था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग मदद के लिए इकट्ठा हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक तेज रफ्तार में बेली रोड की ओर से जा रहा था. इसी दौरान उसने संतुलन खो दिया और सड़क किनारे पैदल चल रहे युवक को सीधी टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक काफी दूर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना की जानकारी मिलते ही शास्त्रीनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतक को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल मृत युवक की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस आसपास मौजूद लोगों और CCTV फुटेज की मदद से युवक एवं कार चालक की पहचान करने में जुट गई है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस स्पीड में कार चल रही थी, उससे साफ था कि चालक नियंत्रण खो चुका था. हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है. पुलिस ने बताया कि कार नंबर के आधार पर मालिक और चालक की पहचान जल्द कर ली जाएगी और आरोपी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.








