छपरा- बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए आज वोटिंग की गयी. इस दौरान हिंसा और उपद्रव की घटनाएं भी सामने आयी हैं. खबर है कि छपरा जिले की मांझी सीट से सीपीएम विधायक सत्येंद्र यादव के साथ धक्का-मुक्की की गई. साथ ही उपद्रवियों ने उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया, जिससे गाड़ी का शीशा टूट गया.
बताया गया कि सीपीएम विधायक मतदान के दौरान पोलिंग बूथों का निरीक्षण करने निकले थे. तभी दाउदपुर के पास एक बूथ पर लोगों से कहासुनी हो गई और इस बीच उनकी गाड़ी पर पत्थराव की घटना हुई है जिसमें सत्येंद्र यादव की गाड़ी का शीशा टूटा है.
सीपीएम प्रत्याशी और विधायक पर हमले की घटना के संबंध में पुलिस ने एक बयान में कहा कि मांझी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जैतपुर गांव में विधायक सत्येंद्र यादव मतदान केंद्र का निरीक्षण करने वाहन से गए थे. तभी मतदान केंद्र के बाहर स्थानीय लोगों ने उनका विरोध शुरू कर दिया और इस दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा वाहन का शीशा क्रैक कर दिया गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने कहा कि विधायक और उनके सहयोगी पूरी तरह सुरक्षित हैं. वर्तमान में कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है. मतदान केंद्र पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कैंप कर रहे हैं. इस संबंध में FIR दर्ज कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है.
इस चुनाव में सारण जिले की मांझी विधानसभा सीट पर महागठबंधन की तरफ से सीपीएम के सत्येंद्र यादव चुनाव मैदान में हैं, जो क्षेत्र के मौजूदा विधायक भी हैं. सत्तारूढ़ एनडीए की तरफ से जेडीयू के रणधीर सिंह चुनाव मैदान में हैं. यहां सीपीएम और जेडीयू के बीच कड़ा मुकाबला बताया जा रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








