रांची- झारखंड सीआईडी ने 2.98 करोड़ रुपए के निवेश घोटाले का खुलासा किया है. साथ ही जमशेदपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने फर्जी प्लेटफॉर्म के जरिये बड़ी ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया. इसमें टेलीग्राम और सोशल मीडिया के जरिये निवेशकों को झांसा दिया गया.
सीआईडी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि आरोपियों ने सोशल मीडिया, खासकर टेलीग्राम पर ‘शिकागो बोर्ड ऑफ ऑप्शंस एक्सचेंज के नाम से फर्जी निवेश प्लेटफॉर्म बनाकर निवेशकों को मोटे मुनाफे का लालच दिया. शिकायतकर्ता को भी लालच देकर फंसाया गया.
सीआईडी के मुताबिक, साइबर अपराधियों ने फर्जी प्रोफाइल तैयार करके लोगों को आकर्षक रिटर्न का लालच दिया. सीआईडी ने कहा है कि निवेशकों से पैसे लेने के बाद, साइबर ठग रकम को अपने विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर लेते थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
दिनेश जायसवाल ने ‘जायसवाल एंटरप्राइजेज, कोलकाता’ के नाम से इंडसइंड बैंक में अकाउंट (नंबर 201034608570) खोल रखा था. इसमें फ्रॉड की रकम ट्रांसफर की जाती थी. 3.29 करोड़ रुपए के निवेश घोटाले का एक मामला इसी खाते से संबंधित पाया गया है. इस पर सेक्टर 36 थाना, नोएडा, उत्तर प्रदेश में केस दर्ज है.
पुलिस ने बताया कि इस फर्जीवाड़े का जाल कई राज्यों में फैला है. अन्य बैंक खातों, संचालकों और डिजिटल संपत्तियों की भी तलाश की जा रही है. जनता को सावधान करते हुए सीआईडी ने कहा है कि अनजान वेबसाइट, लिंक, मोबाइल ऐप्स या सोशल मीडिया ग्रुप्स के जरिये निवेश न करें, डोमेन और यूआरएल की सूक्ष्म जांच करें और किसी भी इन्वेस्टमेंट से पहले रजिस्टर्ड फाइनेंशियल एडवाइजर से जरूर सलाह लें.
सीआईडी ने यह भी कहा है कि किसी भी व्यक्ति को अपना ओटीपी, अकाउंट डिटेल्स और व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें. संदेह होने पर टोल फ्री नंबर ‘1930’ या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत करें.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








