छपरा- भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ ने महाराष्ट्र में भाषा विवाद को लेकर राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे पर तीखा हमला बोला. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मोदी सरकार ऐसी राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगी और अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो जनता का एनडीए पर से भरोसा उठ सकता है.
निरहुआ ने दोनों नेताओं को तारा और सितारा बताते हुए उन्हें राजनीतिक रूप से बेरोजगार करार दिया. निरहुआ ने कहा कि इन दोनों के पास ना संसद में सीट है ना विधानसभा में और ना ही विधान परिषद में. इनका राजनीतिक कैरियर अब शून्य हो चुका है फिर भी ये लोग गंदी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं.
उन्होंने कहा कि ये नेता गरीबों को सताते हैं और उनकी हिम्मत नहीं कि किसी बड़े से टकरा सकें. उन्होंने दोनों ठाकरे बंधुओं को ललकारते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो मुझे महाराष्ट्र से निकाल कर दिखाएं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
निरहुआ ने बिहार की कानून व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए कहा कि अब राज्य में जंगलराज खत्म हो चुका है. उन्होंने कहा कि यूपी की तरह बिहार में भी जल्द ही बुलडोजर कार्रवाई शुरू हो सकती है.
उन्होंने हाल ही में हुए गोपाल खेमका हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि अपराधी को एनकाउंटर में ढेर किया गया, जो यह दिखाता है कि एनडीए की सरकार अपराधियों को नहीं बख्शेगी.








