पटना- पटना के गांधी मैदान थाना इलाके में मशहूर बिजनेसमैन गोपाल खेमका की शुक्रवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि गोपाल खेमका अपने आवास पनास होटल के पास एक अपार्टमेंट में अपनी कार से जैसे ही उतरे, अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी.
बताया जा रहा है कि गोपाल खेमका शुक्रवार रात बांकीपुर क्लब से अपने घर लौटे थे. जैसे ही वह अपनी गाड़ी का गेट खोलकर उतर रहे थे, दो बाइक सवार अपराधियों ने उन पर सटकर सिर में गोली मार दी. घटना के बाद खेमका को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है. वहीं, मामले की जांच शुरू करते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी. जांच के लिए एसआईटी भी गठित की गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इधर, गोपाल खेमका के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि गांधी मैदान थाना घटनास्थल से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित है, फिर भी पुलिस दो घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची. परिजनों का दावा है कि उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी थी. वहीं पुलिस ने कहा कि उन्हें समय पर सूचना नहीं मिली.
गोपाल खेमका के छोटे भाई शंकर खेमका ने बताया कि गांधी मैदान थाना घटनास्थल से सिर्फ 300 मीटर की दूरी पर है, लेकिन पुलिस इसके बावजूद 2 घंटे की देरी से पहुंची.
मौके पर पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा, सिटी एसपी पप्पू यादव और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचे हैं. पुलिस ने घटना स्थल से CCTV फुटेज को खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश जारी है. मौके से एक गोली और एक खोखा बरामद किया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब खेमका परिवार को इस तरह का बड़ा झटका लगा है. 20 दिसंबर 2018 को भी गोपाल खेमका के बेटे, गुंजन खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उस समय इस हत्याकांड की साजिश बेउर जेल से रची गई थी.








