पटना- बिहार प्रदेश कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में बुधवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब प्रेस कॉन्फ्रेंस कवर करने पहुंचे पत्रकारों और कैमरामैन के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट की गई.
इस घटना से नाराज मीडियाकर्मियों ने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया. सभी पत्रकार प्रेस कॉन्फ्रेंस बीच में छोड़कर कांग्रेस कार्यालय से बाहर निकल गए.
जानकारी के मुताबिक, NSUI की ओर से बुधवार को सदाकत आश्रम में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी. इसके लिए मीडिया के लोगों को आमंत्रित किया गया था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पत्रकारों को बताया गया था कि कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे. इसी सूचना पर बड़ी संख्या में पत्रकार और कैमरामैन कार्यक्रम को कवर करने पहुंचे थे.
आरोप है कि सदाकत आश्रम पहुंचने के बाद बैठने के लिए कुर्सी को लेकर विवाद शुरू हुआ. शुरुआत में हुई कहासुनी देखते ही देखते बढ़ गई.
मीडियाकर्मियों का आरोप है कि NSUI के कुछ सदस्यों ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट भी की. इस दौरान कांग्रेस कार्यालय में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस पूरे विवाद में एक और बात को लेकर पत्रकारों में नाराजगी दिखी. मीडियाकर्मियों का आरोप है कि उन्हें कन्हैया कुमार की प्रेस कॉन्फ्रेंस की जानकारी देकर बुलाया गया था, जबकि बुधवार को उनके पटना आने का कोई कार्यक्रम नहीं था. ऐसे में पत्रकारों ने इसे लेकर भी सवाल उठाए.
कथित बदसलूकी और मारपीट की घटना के बाद पत्रकारों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होने से इनकार कर दिया. सभी मीडियाकर्मियों ने कार्यक्रम का बहिष्कार किया और सदाकत आश्रम से बाहर निकल गए.
फिलहाल इस मामले पर बिहार कांग्रेस और NSUI की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. इस पूरे प्रकरण पर उनके पक्ष का इंतजार है.








