अररिया- बिहार के अररिया में रजिस्ट्री कचहरी के मुंशी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. छठ पर्व के दिन हुई वारदात से घर में कोहराम मच गया.
आरोप है कि बदमाशों ने तब गोली मारी जब वह छठ पर्व के लिए घर लौट रहे थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच मामले की तफ्तीश में जुटे हैं.
घटना शनिवार की सुबह कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के पोहसी पंचायत में हुई. घटना के संबंध में मृतक के रिश्तेदार देवेंद्र नाथ भगत ने बताया कि अमित भगत अपने चार पहिया वाहन (बीआर 38 क्यू 8467) से पहुंसी गांव की ओर जा रहे थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसी दौरान बलचंदा की ओर से आ रही बोलेरो पिकअप (बीआर 11 जी-5613) से उनकी कार में पहले जोरदार टक्कर मारा फ़िर. इसको लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई. इसी दौरान पिकअप की ओर से आए हमलावरों ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी.
गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. गोलीबारी की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े.
कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोग सहम गए. लोगों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सूचना मिलते ही कुआरी थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायल अमित भगत को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुर्साकांटा पहुंचाने में मदद की.
वहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया ले जाया जा रहा था. परिजनों के अनुसार, पूर्णिया जाने के क्रम में रास्ते में ही अमित भगत ने दम तोड़ दिया. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
घटनास्थल पर बोलेरो पिकअप वाहन की मौजूदगी और उसकी भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है. पुलिस वाहन के नंबर और उससे जुड़े लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
इसके साथ ही वारदात के समय मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है, कि वाहन की टक्कर के बाद विवाद किस बात को लेकर बढ़ा और गोली चलाने में कौन-कौन लोग शामिल थे.








