पटना- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की मुलाकात इन दिनों चर्चा में है. पटना में दिवंगत भाजपा नेता आरके सिन्हा के श्राद्ध कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया था. साथ बैठकर बातचीत भी की थी.
अब इस मुलाकात पर प्रशांत किशोर ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने इसे महज सामाजिक और राजनीतिक शिष्टाचार बताया है. साथ ही साफ कर दिया कि इस मुलाकात से उनके राजनीतिक विचार नहीं बदलने वाले हैं.
शुक्रवार को पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री से मुलाकात पर तीखी टिप्पणी की. उन्होंने कहा, “हमारे मिलने से सम्राट चौधरी 7वीं फेल से पीएचडी नहीं हो जाएंगे. उन पर अपराध के आरोप हैं. उन्हें मैंने अभी तक अपराधी बताया है, तो कल से ऋषि-मुनि नहीं बताने लगूंगा. यह भ्रम मत पालिए.”
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पीके ने कहा कि किसी कार्यक्रम में मुलाकात होने पर बातचीत करना सामान्य शिष्टाचार है. बिहार की संस्कृति भी यही सिखाती है कि लोगों को एक-दूसरे के प्रति सामाजिक और राजनीतिक शिष्टाचार बनाए रखना चाहिए.
प्रशांत किशोर ने स्पष्ट किया कि उनकी किसी नेता से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक लड़ाई अलग बात है. लेकिन किसी व्यक्ति, जाति, दल या वर्ग से उनका निजी झगड़ा नहीं है.
पीके के मुताबिक, उनकी राजनीति बिहार के सुधार को लेकर है. वह बिहार को बेहतर बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि न सम्राट चौधरी, न नीतीश कुमार और न ही लालू प्रसाद यादव से उनकी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने नीतीश कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि वह उनके साथ भी रहे और बाद में उनका विरोध भी किया. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि उनके मन में कोई व्यक्तिगत बैर है.
दरअसल, गुरुवार को पटना में दिवंगत भाजपा नेता आरके सिन्हा के श्राद्ध कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर भी पहुंचे थे. कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया. इसके बाद एक साथ बैठकर कुछ देर बातचीत भी की.
इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य भी वहां मौजूद थीं. सम्राट और पीके की मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई थी.
खास बात यह है कि प्रशांत किशोर अक्सर अपने बयानों में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते रहे हैं. ऐसे में दोनों की इस मुलाकात को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे थे. अब पीके ने साफ कर दिया है कि यह मुलाकात सिर्फ शिष्टाचार का हिस्सा थी. इससे उनकी राजनीतिक लड़ाई और विचारों पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है.








