पटना- यातायात पुलिस की ओर से लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा-2026 को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए 15 नवंबर की दोपहर से 16 नवंबर की अहले सुबह तक शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है।
शहर के अलग-अलग इलाकों में ट्रैफिक कंट्रोल के लिए 1400 पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। इस दौरान कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा, जबकि कई रास्तों पर डायवर्जन लागू होगा। जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पर दीघा गोलंबर से दीदारगंज तक दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही और पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
यातायात व्यवस्था के अनुसार, 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से 8 बजे तक ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेगा
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हालांकि, यातायात सामान्य होने के अनुसार समय में बदलाव हो सकता है। अग्निशमन, एंबुलेंस, मरीज और शव वाहन तथा छठव्रतियों के वाहनों को निर्धारित नियमों के तहत छूट दी गई है।
कारगिल चौक से पूरब दीदारगंज तक सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। अशोक राजपथ के सभी प्रवेश मार्ग बंद रहेंगे। हालांकि, खजांची रोड से पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर में पार्किंग के लिए छठव्रतियों के वाहन जा सकेंगे।
कारगिल चौक से पश्चिम शाहपुर तक छठव्रतियों के वाहनों का परिचालन जारी रहेगा। वहीं, 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शाम 6:30 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 3 बजे से 6 बजे तक दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ की ओर उत्तर से दक्षिण दिशा में वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इस दौरान वाहन रामजीचक मोड़ से नहर रोड होते हुए बेली रोड जा सकेंगे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
15 नवंबर दोपहर 12 बजे से 16 नवंबर सुबह 10 बजे तक गायघाट पुल के नीचे ऑटो और अन्य व्यावसायिक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
गांधी मैदान से गायघाट और अशोक राजपथ की ओर जाने वाले व्यावसायिक वाहनों को एग्जीबिशन रोड, राजेंद्रनगर पुल, बहादुरपुर गुमटी और बाईपास होते हुए अगमकुआं की ओर भेजा जाएगा। इस दौरान सुदर्शन पथ पर व्यावसायिक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
अटल पथ पर 15 नवंबर सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक और 16 नवंबर सुबह 2 बजे से 9 बजे तक सामान्य वाहनों का जेपी सेतु और सोनपुर की ओर परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
सोनपुर, छपरा और हाजीपुर जाने वाले आकस्मिक वाहनों के लिए अशोक राजपथ और रूपसपुर नहर रोड होते हुए रामजीचक आरओबी के नीचे से जेपी सेतु जाने का रास्ता उपलब्ध रहेगा।
जेपी गंगा पथ पर दीघा गोलंबर से दीदारगंज तक दोनों फ्लैंक में वाहनों का परिचालन और पार्किंग पूरी तरह बंद रहेगी। दीघा आने वाले वाहनों की निकासी एलसीटी अंडरपास से कराई जाएगी। कोई भी वाहन दीघा गोलंबर घूमकर यू-टर्न नहीं ले सकेगा।
गायघाट से यदि कोई सामान्य वाहन अशोक राजपथ पर पहुंचता है, तो उसे गांधी चौक से बारी पथ की ओर मोड़ दिया जाएगा। उसे अशोक राजपथ से सीधे गांधी मैदान जाने की अनुमति नहीं होगी।
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही कतारबद्ध तरीके से खड़े करें। सड़क या रास्ते में वाहन पार्क नहीं करें। वाहन चालक अपने मोबाइल नंबर की पर्ची गाड़ी के आगे वाले शीशे पर चिपकाकर रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर उनसे संपर्क किया जा सके।
घाट से वाहन निकालते समय तैनात पुलिस पदाधिकारी और मजिस्ट्रेट की अनुमति का पालन करना होगा। घाट से वाहन निकलने के दौरान दूसरे वाहनों को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। एंबुलेंस, अग्निशमन और मरीजों के वाहनों को प्रतिबंध से छूट रहेगी।








