डेस्क- मोतिहारी में एक अनजान युवक को बाइक पर लिफ्ट देना एक युवक को भारी पड़ गया. किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर बाइक पर पीछे बैठे युवक ने जेब से कैंची निकालकर हमला कर दिया. जिससे युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा.
घायल युवक की पहचान 30 वर्षीय अरुण कुमार के रूप में हुई है. सूचना मिलने के बाद पहुंची डायल 112 की टीम ने घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है.
मामला नगर थाना क्षेत्र में टाटा मोटर्स के पास का है. आरोपी की पहचान घोड़ासहन प्रखंड निवासी अरुण कुमार उर्फ अर्जुन के रूप में बताई गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घायल अरुण कुमार ने बताया कि उसकी मां मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं. वह घर से उनके लिए खाना लेकर अस्पताल जा रहा था. इसी दौरान नरकटिया बाजार से कुछ दूरी पर एक युवक ने हाथ देकर बाइक रोकने का इशारा किया और लिफ्ट मांगी. अरुण ने उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया.
बाइक से आगे बढ़ने के दौरान दोनों ने रास्ते में गुटखा खरीदा और साथ बैठकर खाया. अरुण के अनुसार, कुछ दूर आगे जाने के बाद पीछे बैठे युवक ने उसकी पत्नी को लेकर आपत्तिजनक मजाक किया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी जेब से कैंची निकाल ली और बाइक चला रहे अरुण पर हमला कर दिया. उसने पीठ पर कैंची से पांच बार वार किया. हमले में अरुण के शरीर पर पांच जगह गंभीर घाव हो गए. घायल अवस्था में वह सड़क पर गिर पड़ा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
दोनों युवकों के बीच मारपीट होते देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. जानकारी मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल अरुण को सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां उसका इलाज चल रहा है.








