रांची- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन कर रही है. इसी क्रम में झारखंड कांग्रेस ने धुर्वा सेक्टर -2 स्थित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया. इस दौरान आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और गृहमंत्री एवं पीएम मोदी का पुतला फूंका.
इस दौरान पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आपत्ति जताई. कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भाजपा का ‘एजेंट्स’ बताते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र खतरे में है.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार को राष्ट्रपति के नाम लिखा ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक कांग्रेस का आन्दोलन जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा होना चाहिए, क्योंकि उन्होंने लोकतंत्र की हत्या की है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि ‘भाजपा के एजेंट’ के रूप में ज्ञानेश कुमार काम कर रहे हैं. कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि जब वोट की वैल्यू होगी, तभी मतदाताओं की पूछ होगी. उन्होंने कहा कि जब वोट की चोरी हो जाएगी, तो फिर आम लोगों की पूछ कैसे होगी.
कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन में पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कांग्रेस विधायक उप नेता राजेश कच्छप, बंधु तिर्की, महिला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो, गुंजन सिंह, डॉ. तौसीफ, राकेश सिन्हा, आलोक दुबे, जगदीश साहू, रिंकू समेत कई नेता शामिल रहे.
गढ़वा जिला कांग्रेस कमेटी ने पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेस ने दोनों पर चुनाव में कथित तौर पर वोट चोरी कर सरकार को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया. इसी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस से जिला समाहरणालय तक प्रतिवाद मार्च निकाला.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जामताड़ा में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने मुख्य चुनाव आयुक्त से इस्तीफा देने की मांग की. उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को हर हाल में इस्तीफा देना पड़ेगा.
उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए. मंत्री इरफान अंसारी ने आरोप लगाया कि मुसलमानों को बांग्लादेशी घुसपैठ बताया जा रहा है जबकि बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स केंद्र सरकार की है और केंद्र में भाजपा की सरकार है.
पाकुड़ में कांग्रेस प्रदेश महासचिव तनवीर आलम के नेतृत्व में समाहरणालय के सामने प्रदर्शन किया और भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई. साथ साथ इनके कार्यकाल के दौरान लिए गये फैसलों की स्वतंत्र जांच कराने समेत 6 सूत्री मांग पत्र राष्ट्रपति के नाम डीसी को सौंपा गया.
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पलामू में झामुमो और कांग्रेस ने अलग-अलग विरोध प्रदर्शन किया. झामुमो ने मेदिनीनगर के छह मुहान मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका और विरोध प्रदर्शन किया, जबकि कांग्रेस ने पलामू समाहरणालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.








