पटना- पटना में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। शहर में कभी तेज तो कभी हल्की बारिश हो रही है। पिछले दो दिनों में पटना में 100 MM से अधिक बारिश हुई है।
शहर में लगातार बारिश के कारण मौसम में बदलाव आया है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बारिश के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, कई इलाकों में सड़क पर पानी जमा होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
लगातार बारिश से शहर के कई निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। कहीं सड़क पर पानी जमा है तो कहीं घरों के आसपास पानी पहुंच गया है। बारिश का असर ट्रैफिक और रोजमर्रा की गतिविधियों पर भी पड़ा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पटना सिटी के गायघाट से दीदारगंज जाने वाले रास्ते पर कई जगह बारिश का पानी जमा होने की शिकायत है। भद्रघाट और महावीर घाट इलाके में भी जलजमाव की स्थिति सामने आती रही है। यहां बारिश के बाद लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
कंकड़बाग में बारिश के बाद कई जगह सड़कों पर पानी जमा हो जाता है। मेदांता अस्पताल के आसपास का इलाका भी पहले जलजमाव से प्रभावित रहा है। लगातार बारिश के कारण यहां मुख्य सड़क के साथ आसपास की गलियों में भी पानी जमा होने की आशंका है।
राजेंद्र नगर पटना के पुराने जलजमाव वाले इलाकों में शामिल है। बारिश के दौरान निचले हिस्सों में पानी जमा होने से लोगों की परेशानी बढ़ जाती है। कई जगह सड़क पर पानी भरने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो जाती है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पटना जंक्शन और डाकबंगला चौराहा पर तेज बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा होने से ट्रैफिक प्रभावित हुई है। बारिश के बाद यात्रियों और वाहन चालकों को पानी के बीच से निकलना पड़ रहा है।
राजीव नगर और इंद्रपुरी में भी बारिश के बाद सड़क पर पानी जमा हो गया है. गलियों में पानी जमा होने से पैदल आने-जाने वालों को काफी परेशानी हो रही है। जय प्रकाश नगर नाला पर बन रही सड़क का निर्माण मानसून के कारण बीच में ही रोक दिया गया है।
जहां सड़क के किनारे 06–08 फीट तक गहरे गड्ढे हैं, जिसमें आज एक कार का पहिया फंस गया। शहर में बारिश का पानी भर जाने से सड़क और पानी का स्तर लगभग बराबर दिखाई दे रहा है। इसी वजह से राहगीरों को गढ्ढे का पता नहीं चल रहा और वे हादसे का शिकार हो रहे हैं।
पाटलिपुत्र कॉलोनी में भी तेज बारिश के बाद जलनिकासी की समस्या सामने आ रही है। बारिश ज्यादा देर तक होने पर कई जगह पानी सड़क पर जमा हो जाता है। लोगों को घर से निकलने और वाहनों को सड़क पर निकालने में परेशानी होती है।
बोरिंग रोड शहर की प्रमुख सड़कों में है। बारिश के दौरान यहां सड़क पर पानी जमा होने से ट्रैफिक की रफ्तार प्रभावित होती है। मुख्य सड़क के साथ सर्विस लेन और आसपास की गलियों में पानी जमा होने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
गांधी मैदान के आसपास का इलाका भी भारी बारिश में जलजमाव से प्रभावित हुआ है। यहां बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। सड़क पर पानी जमा होने के कारण बारिश के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पटना में फिलहाल बारिश से राहत मिलने के आसार कम हैं। बादल छाए रहने के साथ रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।








