समस्तीपुर- स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट से 75 लीटर विदेशी शराब बरामदगी मामले में आरोपित नेहा झा की जमानत अर्जी पर शुक्रवार को समस्तीपुर विशेष आबकारी न्यायालय-2 में सुनवाई हुई.
सुनवाई के बाद न्यायालय ने जमानत आवेदन पर तत्काल कोई फैसला नहीं सुनाया. अब मामले में अगली सुनवाई के लिए 24 सितंबर की तिथि निर्धारित की गयी है.
गौरतलब है कि समस्तीपुर जंक्शन पर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की फर्स्ट क्लास बोगी से शराब बरामदगी के मामले में एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया गया था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम को ट्रेन से शराब तस्करी की सूचना मिली थी. ट्रेन के समस्तीपुर जंक्शन पहुंचने के बाद संबंधित कोच की तलाशी ली गयी.
तलाशी के दौरान बैग में रखी विदेशी शराब बरामद की गयी. इसके बाद एक युवक और युवती को हिरासत में लिया गया. मामले में 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एच-1 कोच में बर्थ संख्या 7 से नेहा कुमारी और ईशान कुमार के कब्जे से कुल 75 लीटर विदेशी शराब बरामद होने की बात सामने आयी थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर रेल एसपी वीणा कुमारी के निर्देश पर समस्तीपुर रेल डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है. एसआईटी शराब की खेप के स्रोत, इसे बिहार लाने के मकसद और संभावित डिलीवरी नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने गिरफ्तारी के समय नेहा का मोबाइल भी जब्त किया था. उसके मोबाइल की तकनीकी जांच की जा रही है. जांच का उद्देश्य शराब की खेप से जुड़े संभावित नेटवर्क और अन्य कड़ियों के बारे में जानकारी जुटाना है. अब इस मामले में 24 सितंबर को अगली सुनवाई होगी।








