बेगूसराय- केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को जान से मारने की धमकी दी गई है. जिस प्रकार केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान को पत्र भेजकर धमकी दी गई थी, उसी तरह की धमकी गिरिराज सिंह को भी दी गयी है. नई दिल्ली में उनके मंत्रालय के पते पर डाक के माध्यम से यह धमकी भरा पत्र भेजा गया है.
जानकारी के अनुसार, 3 सितंबर को यह धमकी भरा पत्र भेजा गया था. इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए, पूरे घटनाक्रम की जानकारी केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव योगेंद्र सिंह ने बेगूसराय एसपी को दी. जानकारी मिलते ही एसपी मनीष कुमार एक्शन में नजर आए.
एसपी ने नगर थाने को मामले में एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया. इसके बाद 4 सितंबर को नगर थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु के बयान पर मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस के मुताबिक, पत्र अंग्रेजी भाषा में लिखा गया है और इसमें आतंकियों का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री को जान से मारने की धमकी दी गई है. लेकिन इस धमकी भरे पत्र में सिर्फ धमकी ही नहीं बल्कि दो मोबाइल नंबर और कर्नाटक का एक पता भी दर्ज है.
कर्नाटक के कोलार जिले के श्रीनिवासपुर तालुका के एक गांव के निवासी के नाम और पता इस चिट्ठी में लिखा गया है. ऐसे में जो एफआईआर दर्ज किया गया है, उसमें पत्र भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति के साथ-साथ चिट्ठी में दर्ज संबंधित नाम-पते और मोबाइल नंबरों को भी आरोपित किया गया है.
क्या धमकी देने वाला वास्तव में इन्हीं मोबाइल नंबरों या कर्नाटक में दर्ज पते से जुड़ा है? या फिर किसी दूसरे व्यक्ति ने जांच को भटकाने के लिए इनका इस्तेमाल किया है? फिलहाल पुलिस पत्र भेजने वाले की पहचान, धमकी के पीछे की वजह और पत्र में दर्ज मोबाइल नंबरों व कर्नाटक कनेक्शन की पड़ताल कर रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








