पलामू- पलामू के चैनपुर में तालाब में डूबने से मां और उसके दो वर्षीय बेटे की मौत हो गई। घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के किन्नी गांव की है. शनिवार सुबह तालाब में दोनों के शव तैरते हुए मिलने के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया.
सूचना मिलने पर चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. मृतका की पहचान रंजू देवी के रूप में हुई है.
रंजू देवी अरुण महतो की पत्नी थीं. उनके साथ दो वर्षीय बेटे की भी तालाब में डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
परिजनों के अनुसार शुक्रवार शाम करीब छह बजे रंजू देवी अपने दो वर्षीय बेटे को लेकर घर से निकली थीं. देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटीं, तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई. मजदूरी कर घर लौटे पति अरुण महतो ने पत्नी और बेटे के बारे में पूछताछ की.
आसपास के लोगों से जानकारी लेने के बाद परिवार ने दोनों की तलाश शुरू की. रातभर गांव के विभिन्न हिस्सों, आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन मां-बेटे का कोई सुराग नहीं मिला. परिवार पूरी रात उनकी तलाश करता रहा, लेकिन सुबह होते ही यह खोज एक दर्दनाक खबर में बदल गई.
शनिवार सुबह गांव के कुछ लोग शौच के लिए तालापारा स्थित तालाब की ओर गए थे. इसी दौरान उनकी नजर तालाब में तैर रहे दो शवों पर पड़ी. पास जाकर देखने पर पता चला कि शव एक महिला और एक छोटे बच्चे के हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना गांव वालों, परिजनों और पुलिस को दी. खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास पहुंच गए. ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला गया. शवों की पहचान रंजू देवी और उनके दो वर्षीय बेटे के रूप में होने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई.
ग्रामीणों और परिजनों की ओर से आशंका जताई जा रही है कि तालाब के किनारे पैर फिसलने के कारण रंजू देवी बच्चे के साथ गहरे पानी में चली गई होंगी.
हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी.








