गिरिडीह- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता बाबूलाल मरांडी ने गिरिडीह के पचंबा थाना में कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज करने का गंभीर आरोप लगाया है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पचंबा थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. बाबूलाल मरांडी ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि अपराधियों के सामने पीठ दिखाकर भागने वाली हेमंत सरकार की पुलिस थाने में भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसाकर खुद को शेर समझ रही है.
उन्होंने वर्दी की आड़ में पुलिसकर्मियों पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए गिरिडीह एसपी से पचंबा थाना प्रभारी पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मरांडी ने कहा कि यदि मामले में सख्त कार्रवाई नहीं की गयी, तो भाजपा सड़क पर उतरकर ऐसे पुलिसकर्मियों की मनमानी का जवाब देगी. उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि कार्यकर्ताओं पर बरसायी गयी एक-एक लाठी का हिसाब लिया जायेगा.
जानकारी के अनुसार, पचंबा थाना में नाबालिग से कथित छेड़खानी की शिकायत को लेकर गुरुवार देर रात हंगामा हुआ था. इस दौरान दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद स्थिति बिगड़ गयी थी और पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठी चलायी थी.








